बंदीपुर में एक ही रात में चार ट्रांसफार्मर चोरी, किसानों में आक्रोश
रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग, भाकियू किसान सभा ने डीसीपी कार्यालय पर धरने की दी चेतावनी

मुरादनगर (बागपत)। गांव बंदीपुर में चोरों ने एक ही रात में सरकारी ट्यूबवेल और किसानों के खेतों में लगे चार ट्रांसफार्मर चोरी कर लिए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में भारी आक्रोश है। ट्रांसफार्मर चोरी होने से खेतों में सिंचाई प्रभावित हो गई है और किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, चोर सरकारी ट्यूबवेल के अलावा किसान नरेश त्यागी, यतेश्वर त्यागी और पप्पू त्यागी के खेतों में लगे ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे किसान-मजदूरों में भय का माहौल है और रात के समय खेतों में काम करना भी मुश्किल हो गया है।
इससे पहले भारतीय किसान यूनियन (किसान सभा) के पदाधिकारियों ने रावली पुलिस चौकी पर धरना-प्रदर्शन कर एसीपी और थाना अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा था। इसमें रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की गई थी। इसके बावजूद चार ट्रांसफार्मर चोरी होने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई है।
डीसीपी कार्यालय पर धरने की चेतावनी
भारतीय किसान यूनियन किसान सभा ने चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र में रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई और चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा, तो मुरादनगर डीसीपी कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सत्येंद्र त्यागी के नेतृत्व में प्रदेश महासचिव हैप्पी त्यागी, जिला अध्यक्ष पुष्कर त्यागी, युवा जिला अध्यक्ष रोहित चौधरी, अमरीश त्यागी, हरिओम त्यागी, रोहित त्यागी, आकाश त्यागी, अनु प्रधान, सुशील कुमार, विनय यादव, अभिषेक वर्मा, सचिन त्यागी और अबजद खान सहित बड़ी संख्या में किसान-मजदूर आंदोलन में शामिल होंगे।
किसान नेताओं ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं की तत्काल जांच कराने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में प्रभावी रात्रि गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही प्रभावित किसानों के खेतों में सिंचाई व्यवस्था जल्द बहाल कराने की भी मांग उठाई है।



