अमेरिका के मंदिर में सैकड़ों भारतीयों की हत्या की साजिश नाकाम; ऐन मौके पर राइफल जाम हो गई, लोग बोले चमत्कार है ये

US Hindu Temple Attack Plot: अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक हिंदू मंदिर में सैकड़ों भारतीयों की हत्या करने की कथित साजिश को नाकाम कर दिया गया है। अलेक्जेंडर पैपोराकिस नामक 19 वर्षीय अमेरिकी युवक, एक राइफल, 300 राउंड कारतूस और बुलेटप्रूफ जैकेट लेकर ऑरोरा शहर के एक हिंदू मंदिर में घुस गया। उसने मंदिर में मौजूद भारतीयों को निशाना बनाकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी राइफल जाम हो गई, जिससे उसका प्लान फेल हो गया। इसी बीच, उसके एक साथी ने पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी अलेक्जेंडर पैपोराकिस पैलेटाइन का रहने वाला है और एक टैको बेल रेस्तरां में कैशियर के तौर पर काम करता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी रविवार को अपनी मां के घर से यह सोचकर निकला था कि वह ऑरोरा के मंदिर जाकर वहां मौजूद भारतीयों का नरसंहार करेगा।
मौके पर ही राइफल जाम हो गई
पुलिस ने बताया कि अलेक्जेंडर पैपोराकिस के पास से एक AR-स्टाइल राइफल, लगभग 300 राउंड कारतूस, एक बुलेटप्रूफ जैकेट, गैसोलीन के कनस्तर और स्वास्तिक के निशान वाली कुछ चीजें बरामद की गईं। वह इन सभी चीजों के साथ पूरी तैयारी करके मंदिर पहुंचा था।
सऊदी अरब का इस मुस्लिम देश पर बड़ा हमला, खूब हुई बमबारी; वजह जानें
मंदिर में घुसने के बाद उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन राइफल जाम हो गई। इसके बाद वह वहां से निकल गया और इंटरनेट पर यह खोजने लगा कि जाम हुई राइफल को कैसे ठीक किया जाए। फिर उसने अपने एक साथी से संपर्क किया और उसे मंदिर पर हमला करने की अपनी कथित योजना के बारे में बताया। हालांकि, उस साथी ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अलेक्जेंडर पैपोराकिस को गिरफ्तार कर लिया।



