गैस कनेक्शन अन्य एजेंसियों पर ट्रांसफर: मची खलबली

10 से 45 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा सिलेंडर लेने,मोबाइल पर संदेश आने के बाद एजेंसी के चक्कर काट रहे उपभोक्ता

जसवंतनगर,इटावा। नगर की इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन अचानक दूसरी एजेंसियों पर स्थानांतरित किए जाने से खलबली मच गई है। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर कनेक्शन ट्रांसफर होने के संदेश पहुंचने के बाद लोग परेशान हैं। समस्या का समाधान कराने के लिए उपभोक्ता लगातार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।

उपभोक्ताओं के मुताबिक, उनके मोबाइल पर आए संदेश में गैस कनेक्शन सैफई, जसोहन, मैनपुरी जिले के करहल, बरालोकपुर और इटावा सहित अन्य स्थानों की एजेंसियों पर स्थानांतरित किए जाने की जानकारी दी गई है। इससे अब गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को 10 से 45 किलोमीटर तक की दूरी तय करने की चिंता सता रही है। उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब सरकार की ओर से घर-घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है, तो उन्हें दूर-दराज की एजेंसियों से क्यों जोड़ा जा रहा है।

भावना, सोमवती, सूर्यकांत, हृदयनाथ, महिमा, राम उपाध्याय, श्याम सिंह, सुरेश कुमार, अनुराग, सीमा देवी, कश्मीरा और राखी सहित अन्य उपभोक्ताओं ने कहा कि अचानक कनेक्शन दूसरी एजेंसियों पर स्थानांतरित होने से उनके सामने परेशानी खड़ी हो गई है। उपभोक्ताओं को आशंका है कि सिलेंडर लेने के लिए बार-बार इतनी दूर जाना पड़ेगा। उनका कहना है कि एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

हेड ऑफिस से हो रही कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया

इंडेन गैस एजेंसी के संचालक अविनाश कुमार ने बताया कि कनेक्शन स्थानांतरित करने की प्रक्रिया नोएडा स्थित हेड ऑफिस से संचालित की जा रही है। वहीं, पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र सागर ने बताया कि मामला अभी उनकी जानकारी में नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर उपभोक्ता पूर्ति कार्यालय में प्रार्थना पत्र दें, ताकि समस्या का समाधान कराने की कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button