जनसुनवाई में डीएम ने दिव्यांग को मौके पर दिलाई ट्राई साइकिल, विधवा के ऋण समाधान की पहल

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाया गया। वहीं एक विधवा महिला के करीब 2.60 लाख रुपये के ऋण के समाधान के लिए मानवीय पहल की गई।

जनसुनवाई में भूमि-संपत्ति पर अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पेंशन, राशन, आयुष्मान कार्ड और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत की नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय में उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। यदि कोई व्यक्ति किसी एक योजना के लिए आवेदन करता है तो उसकी पात्रता अन्य योजनाओं के लिए भी जांची जाए और पात्र होने पर उसे उनका लाभ भी दिलाया जाए।

प्लॉट पर कब्जे की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सुभाष नगर, घूकना निवासी माधुरी देवी ने शिकायत करते हुए बताया कि लोनी क्षेत्र में उनके खरीदे गए प्लॉट पर किसी अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम लोनी को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराने को कहा।

दिव्यांग को मौके पर मिली ट्राई साइकिल

शास्त्री नगर निवासी दिव्यांग दुर्गेश अपनी पत्नी और तीन पुत्रों के साथ जनसुनवाई में पहुंचे। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या सुनने के बाद मौके पर ही उन्हें ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। साथ ही अंत्योदय कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सहित अन्य पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। रोजगार के उद्देश्य से मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

Related Articles

Back to top button