मिट्टी खनन का वीडियो बनाने पर धमकाया: रिपोर्ट दर्ज

खनन स्थल पर ग्रामीणों से गाली-गलौज, ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन और ट्रैक्टरों की फोटो-वीडियो बनानी शुरू की तो खनन में जुटे लोग वहां से भाग गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने ग्रामीणों को रोककर गाली-गलौज की और ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया मेघ सिंह पुत्र रामनाथ वर्मा और अमित द्विवेदी पुत्र श्रीप्रकाश, निवासी हरकूपुरा ने बताया कि गांव में मिट्टी का अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर वे अमित के साथ मौके पर पहुंचे और खनन कर रही जेसीबी मशीन व ट्रैक्टरों की फोटो-वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि वीडियो बनाते देखकर खनन में शामिल लोग घबरा गए और मौके से हट गए।

मेघ सिंह और अमित की तहरीर के मुताबिक, कुछ देर बाद दो लोग मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और उन्हें रोककर धमकाने लगे। आरोप है कि दोनों ने ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी और मां-बहन की गाली दी। इनमें एक की पहचान भूरा यादव पुत्र जितेंद्र यादव निवासी अड्डा निहाल के रूप में बताई गई, जबकि दूसरे का नाम-पता नहीं पता चल सका। पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जाँच पड़ताल कर कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button