दबंगों के कब्जा से मुक्त कराई गोचर भूमि

तीन गांवों में 0.1415 हेक्टेयर भूमि हुई कब्जामुक्त:गोशालाओं के नाम दर्ज की गई भूमि

जसवंतनगर,इटावा। सेवा संकल्प अभियान के तहत तहसील क्षेत्र में गोचर और चारागाह की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का अभियान जारी है। तहसील प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार तीन गांवों में कुल 0.1415 हेक्टेयर गोचर/चारागाह भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।

तहसील जिंतेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार टकपुरा सराय जलाल में गाटा संख्या 285 और 278 की कुल 1.130 हेक्टेयर भूमि में से 0.0405 हेक्टेयर भूमि को आठ अक्तूबर को कब्जामुक्त कराया गया। इस भूमि को टकपुरा सराय जलाल की गोशाला के लिए दर्ज किया गया है।

मलूपुर में गाटा संख्या 64/1 की कुल 1.165 हेक्टेयर भूमि में से 0.0320 हेक्टेयर जमीन सात अक्तूबर को कब्जामुक्त कराई गई। इसे भी टकपुरा सराय जलाल की गोशाला के लिए दिए जाने का उल्लेख रिपोर्ट में है। वहीं नगलासलहदी में गाटा संख्या 898 की 7.030 हेक्टेयर भूमि में से 0.0690 हेक्टेयर भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया। यह भूमि नगला रामसुंदर की गोशाला के लिए दी गई है।

तहसील प्रशासन ने अभियान के तहत गोचर भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रखने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार जितेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा समेत क्षेत्रीय लेखपाल मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button