आई.टी.एस मोहन नगर में विशाल रक्तदान शिविर, 200 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित

विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, रक्तदान को बताया मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम

गाजियाबाद। आई.टी.एस, मोहन नगर, गाजियाबाद में रोटरी क्लब गाजियाबाद के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आई.टी.एस यूजी कैंपस के बीबीए एवं बीसीए पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 200 से अधिक यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान युवाओं ने रक्तदान के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन आई.टी.एस द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, वाइस चेयरमैन श्री अर्पित चड्ढा, रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्री अमित गुप्ता, प्रोजेक्ट चेयरमैन श्री अतुल जैन, रोटरी क्लब गाजियाबाद के अध्यक्ष श्री संजय गर्ग, श्री अनिल गुप्ता तथा आई.टी.एस यूजी कैंपस की प्रिंसिपल डॉ. नैन्सी शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार, डायरेक्टर आई.टी.एस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, डॉ. सुनील पांडे, डायरेक्टर आई.टी.एस मोहन नगर, डॉ. अमित शर्मा, एनएसएस कोऑर्डिनेटर, श्री विकास त्यागी, रजिस्ट्रार, डॉ. विदुषी सिंह, डीन (अकादमिक्स), प्रो. आदिल खान, डॉ. संदीप गर्ग सहित संस्थान के संकाय सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सा आवश्यकता नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरत के समय एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

आई.टी.एस द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देना नहीं है, बल्कि उनमें सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिकता के संस्कार विकसित करना भी है।

Related Articles

Back to top button