पुरानी रंजिश में दो पक्षों में पथराव, कई लोग घायल
डासना के कुरैशियान मोहल्ले में ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा

गाजियाबाद। डासना के कुरैशियान मोहल्ले में बृहस्पतिवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट हुई। दोनों ओर से ईंट-पत्थर बरसाए गए और लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हो गए। पथराव के चलते सड़क पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मामले में डासना हल्का प्रभारी दारोगा विनोद कुमार पांडेय की शिकायत पर वेव सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात काजी वाली मस्जिद के पास दो पक्षों में विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और मुकदमे को लेकर विवाद चल रहा है। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए और लाठी-डंडों से हमला किया। पथराव के कारण सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने डर के कारण घरों और दुकानों के दरवाजे बंद कर लिए।
24 लोगों के खिलाफ मुकदमा
पुलिस ने मामले में पहले पक्ष के तौकीर अहमद तथा दूसरे पक्ष के अब्दुल्ला, फरमान, अमन उर्फ फरहान, नासिर, आरिफ उर्फ बिट्टू, सलमान, अनस और सलीम के अलावा 10 से 15 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चला आ रहा है और दोनों ओर के पीड़ित पक्ष अधिवक्ता हैं। मामले की जांच की जा रही है।



