बिजली विभाग-विजिलेंस टीमों की संयुक्त मॉर्निंग रेड

बिजली चोरी में सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जसवंतनगर,इटावा।बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व वसूली को लेकर बिजली विभाग और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह नगर के कई मोहल्लों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। टीम ने घर-घर पहुंचकर बिजली कनेक्शनों और आपूर्ति व्यवस्था की जांच की। इस दौरान सात लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया।

संयुक्त टीम में बिजली विभाग के एसडीओ राजेश कुमार,जेई कौशल पांडेय,जेई प्रमोद कुमार, विजिलेंस के जेई अजय बाबू,विजिलेंस प्रभारी धर्मेंद्र कुमार,टीजी-2 राकेश कुमार समेत लाइनमैन जितेंद्र, कुलदीप,रवि,रविकांत, बॉबी और लाल कुमार शामिल रहे।

अधिकारियों ने चेकिंग के दौरान उपभोक्ताओं को अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कटिया डालकर अथवा किसी अन्य अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ राजेश कुमार और जेई ने उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बकाया बिल के चलते कनेक्शन कटने जैसी कार्रवाई से बचने के लिए उपभोक्ता नियमित रूप से बिल का भुगतान करें। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button