दिनभर डाइटिंग के बाद भी नहीं घट रहा वजन; रात के खाने में भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, तेजी से घटेगी चर्बी

Weight Loss Dinner Mistakes: वजन घटाने के लिए लोग अक्सर जिम में पसीना बहाते हैं और दिनभर सख्त डाइट चार्ट का पालन भी करते हैं। बावजूद इसके, कई बार हफ्तों की मेहनत के बाद भी वजन का कांटा टस से मस नहीं होता। इसकी सबसे बड़ी वजह शाम ढलते ही भूख पर नियंत्रण खो देना और रात के समय गलत खान-पान का चुनाव करना है।
दिनभर भूखा रहने के बाद शाम को जो हाथ लगे वही खा लेना सबसे बड़ी भूल साबित होती है। वजन बढ़ना सिर्फ किसी एक चीज से तय नहीं होता, बल्कि आपकी दिनभर की कुल कैलोरी इनटेक पर निर्भर करता है। जब आप रात के समय अनजाने में हाई-कैलोरी और भारी खाद्य पदार्थ खाते हैं, तो शरीर उन्हें ऊर्जा में बदलने के बजाय सीधे फैट के रूप में स्टोर करने लगता है।
ऑयली और डीप फ्राइड फूड से करें तौबा
हेल्थ कोच गोपी पटेल के मुताबिक, अगर आप वाकई तेजी से वजन कम करना चाहते हैं तो रात के भोजन में किसी भी प्रकार के तैलीय और तले-भुने भोजन से पूरी तरह दूरी बना लें। डिनर में पकौड़े, समोसे, कचौड़ी या बाहर का तला हुआ जंक फूड शामिल करना आपकी वेट लॉस प्रक्रिया को बेहद सुस्त बना देता है। रात के समय पाचन तंत्र की कार्यप्रणाली धीमी हो जाती है, जिससे ये चीजें आसानी से पच नहीं पातीं। नतीजतन गैस, पेट फूलना (ब्लोटिंग) और रात में बेचैनी के कारण नींद में खलल जैसी गंभीर समस्याएं पैदा होने लगती हैं।
मीठा और रिफाइंड शुगर: वजन घटाने के सबसे बड़े दुश्मन
यदि आप वजन कम करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं, तो डिनर के बाद मिठाई, चॉकलेट या चीनी से बनी चीजों की आदत को तुरंत छोड़ना होगा। मीठी चीजों में पोषक तत्व नगण्य और कैलोरी अत्यधिक मात्रा में होती है। यह न सिर्फ आपके मेटाबॉलिज्म की रफ्तार को धीमा करती हैं बल्कि हार्मोनल संतुलन को भी प्रभावित करती हैं। रात में खाने के तुरंत बाद मीठा खाने की आदत आपके दिनभर के कैलोरी बजट को एक झटके में बिगाड़कर वजन तेजी से बढ़ा देती है।
पैकेज्ड जूस और शुगरी ड्रिंक्स की छिपी कैलोरी से बचें
अक्सर लोग रात के समय प्यास या क्रेविंग होने पर कोल्ड ड्रिंक्स, पैकेज्ड फ्रूट जूस, चीनी वाली चाय या क्रीमी कॉफी का सहारा ले लेते हैं। ये पेय पदार्थ पेट भरने का कोई अहसास नहीं कराते, लेकिन शरीर को बहुत बड़ी मात्रा में लिक्विड कैलोरी दे जाते हैं। अतिरिक्त चीनी के कारण वजन अप्रत्याशित रूप से बढ़ने लगता है। यदि रात में कुछ पीने की तीव्र इच्छा हो, तो उसकी जगह बिना चीनी वाली हर्बल टी, सादा नींबू पानी या सीमित मात्रा में गुनगुना बिना चीनी का दूध एक बेहतरीन और सेहतमंद विकल्प हो सकता है।
चावल और मैदा: खाने की मात्रा का रखें खास ध्यान
सफेद चावल या मैदे से बने व्यंजन सीधे तौर पर वजन नहीं बढ़ाते, लेकिन इनकी अनियंत्रित मात्रा तुरंत हाई-कैलोरी में तब्दील हो जाती है। ये दोनों ही चीजें कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होती हैं, जिनका मुख्य काम शरीर को तत्काल ऊर्जा देना है। चूंकि रात के समय शारीरिक सक्रियता (फिजिकल एक्टिविटी) न के बराबर होती है, इसलिए ये अतिरिक्त कार्ब्स फैट बनकर शरीर में जमने लगते हैं। अपने डिनर की थाली में कार्ब्स की मात्रा सीमित रखें और उसके स्थान पर दाल, पनीर, टोफू या स्प्राउट्स जैसे प्रोटीन युक्त विकल्पों को प्राथमिकता दें।
सुबह उठते ही सूज जाते हैं हाथ और उंगलियां; मामूली न समझें, इन 5 गंभीर बीमारियों का हो सकता है संकेत
स्क्रीन स्क्रॉलिंग और लेट नाइट स्नैकिंग पर लगाएं ब्रेक
आजकल देर रात तक जागने की जीवनशैली के चलते लेट नाइट स्नैकिंग का चलन बहुत तेजी से बढ़ा है। वेब सीरीज, फिल्में देखते हुए या मोबाइल फोन स्क्रॉल करते हुए नमकीन, आलू के चिप्स और बिस्कुट खाते रहने से मात्रा का बिल्कुल अंदाजा नहीं रहता। माइंडलेस ईटिंग के चलते दिनभर की स्वच्छ डाइट पर पानी फिर जाता है। यदि देर रात वाकई तेज भूख लगे, तो प्रोसेस्ड स्नैक्स की जगह भुने मखाने, मुट्ठी भर रोस्टेड चना या हल्का खीरा-सलाद जैसे पौष्टिक विकल्प ही चुनें।



