कम उम्र की हीरोइन के साथ स्पॉट हुए गोविंदा, भड़कीं पत्नी सुनीता ने सबके सामने खोल दी पोल

Govinda Komal Rani Swarnakar: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हाल ही में मुंबई के प्रसिद्ध गणेश पंडाल ‘लालबागचा राजा’ के दरबार में गोविंदा को अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ दर्शन करते देखा गया।
हैरान करने वाली बात यह रही कि गोविंदा के पहुंचने से कुछ ही घंटे पहले उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने अकेले बप्पा के दर्शन किए थे। दोनों के अलग-अलग पहुंचने और फिर गोविंदा के कोमल रानी के साथ स्पॉट होने के बाद इंटरनेट पर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं। अब अभिनेता गोविंदा ने इन तमाम चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपनी छवि धूमिल करने और अपने परिवार को तोड़ने की सोची-समझी साजिश करार दिया है।
‘रूपा’ फिल्म के लिए बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचा था: गोविंदा
तमाम विवादों पर मीडिया से खुलकर बात करते हुए गोविंदा ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी तीसरे की गलती नहीं है, बल्कि यह सब उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनका रिश्ता विशुद्ध रूप से पेशेवर (प्रोफेशनल) है। अभिनेता ने बताया कि वह अपनी आगामी फिल्म ‘रूपा’ की सफलता की प्रार्थना करने लालबागचा राजा पहुंचे थे।
उन्होंने अतीत का हवाला देते हुए कहा कि करियर के शुरुआती दौर में भी वे अपनी को-स्टार्स करिश्मा कपूर और रवीना टंडन के साथ फिल्मों की सफलता के लिए मंदिरों में दर्शन करने जाया करते थे, जो उनके प्रोजेक्ट्स के लिए बेहद शुभ साबित हुआ था। इसी परंपरा को निभाते हुए लंबे समय बाद किसी फिल्म पर काम शुरू करने से पहले उन्होंने बप्पा का आशीर्वाद लिया।
एयरपोर्ट पर छलका सुनीता आहूजा का दर्द, बोलीं- ‘इंसान धोखेबाज होते हैं’
यह विवाद उस वक्त और अधिक गहरा गया जब गोविंदा के इस कदम के बाद सुनीता आहूजा को एयरपोर्ट पर पैपराजी ने अपने कैमरे में कैद किया। मीडिया से बातचीत के दौरान सुनीता ने किसी का नाम लिए बिना बेहद तल्ख टिप्पणी की। सुनीता ने कहा, “जानवरों से प्यार करो, इंसानों से नहीं। इंसान धोखेबाज होते हैं।” एयरपोर्ट पर दिया गया उनका यह बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे सीधे तौर पर गोविंदा और कोमल की नजदीकियों से जोड़कर देखा जा रहा है। यह पहला मौका नहीं है जब सुनीता ने कोमल रानी और गोविंदा के समीकरणों को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की हो।
3 नेशनल अवॉर्ड, IMDb पर 8.1 रेटिंग! इस फिल्म की कहानी देखकर आंखें नम हो जाएंगी
‘सुनीता को भड़का रहे हैं लोग, कम उम्र की हीरोइनों संग काम करना सामान्य बात’
पत्नी सुनीता के तंज पर प्रतिक्रिया देते हुए गोविंदा ने अपना पक्ष रखा और कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में अपने से कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ स्क्रीन शेयर करना एक सामान्य पेशेवर प्रक्रिया है। गोविंदा ने दावा किया कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर सुनीता को उनके खिलाफ भड़का रहे हैं ताकि उनका वैवाहिक जीवन प्रभावित हो सके और उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। बहरहाल, पति-पत्नी की तरफ से आ रहे विरोधाभासी बयानों ने इस पूरे मामले को एक बार फिर नेशनल हेडलाइंस में ला खड़ा किया है।



