सफाई व्यवस्था ध्वस्त, चारों तरफ कूड़े का अंबार

संवाददाता स्टार एक्सप्रेस

सुल्तानपुर। स्वच्छता को लेकर सरकार के तमाम दावों के बीच जिले में सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर तक जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं। नियमित सफाई न होने से जलनिकासी व्यवस्था भी प्रभावित है। बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।

सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाने का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों के किनारे और बस्तियों के आसपास कूड़ा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। लंबे समय से पड़े कूड़े के कारण मच्छर और अन्य कीट पनप रहे हैं, जिससे लोगों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

सबसे बड़ा सवाल सफाई कर्मियों की तैनाती को लेकर उठ रहा है। आरोप है कि जिन कर्मचारियों की जिम्मेदारी गांवों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई व्यवस्था संभालने की है, उनमें कई को मूल कार्य से हटाकर अधिकारियों के यहां ड्राइवरी समेत अन्य कार्यों में लगाया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब सफाई कर्मी अपने मूल दायित्व का निर्वहन नहीं करेंगे तो गांवों और शहर की सफाई व्यवस्था कैसे सुधरेगी?नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में जमा हो रहा है। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ ही संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button