प्राथमिक विद्यालय कोड़रस बुजुर्ग में धूमधाम से आयोजित हुआ तिथि भोज

हेडमास्टर प्रतिमा सिंह की नातिन के जन्मदिन पर बच्चों को मिला स्नेह

रायबरेली। शासन के आदेशानुसार प्राथमिक विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘तिथि भोज’ कार्यक्रम के तहत आज प्राथमिक विद्यालय कोडरस बुजुर्ग में एक विशेष आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाध्यापक प्रतिमा सिंह की नातिन ऋग्वेदिता सिंह के जन्म दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित हुआ, जहां विद्यालय के बच्चों को भोजन कराकर उनका मुंह मीठा कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनके साथ ही अमावां के आरएसएम अध्यक्ष बृजेंद्र, अमावां के एआरपी मानवेन्द्र सिंह चौहान, हरिश्चंद्र पाण्डेय, सतीश, मयंक द्विवेदी, उमेश पटेल और डॉ. शिल्पी वर्मा ने भी शिरकत की। सभी अतिथियों ने बच्ची ऋग्वेदिता सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और बच्चों के साथ मिलकर उत्सव का आनंद लिया।

तिथि भोज के दौरान विद्यालय के शिक्षकों, रसोइयों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने शासन की इस ‘तिथि भोज’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज और परिषदीय विद्यालयों के बीच जुड़ाव मजबूत होता है। हेडमास्टर प्रतिमा सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर ऋग्वेदिता सिंह की माता प्रेरणा सिंह और पापा ऋषभ सिंह, शुभांशु सिंह, ईशा सिंह, रचना सिंह, पूनम, रश्मि साहू, रंजना गौतम, शिक्षा मित्र सुनीता मौर्या आदि शिक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button