गाजियाबाद में रेलवे का तीन दिन पावर-ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द; कई के बदले रूट

गाजियाबाद। गाजियाबाद यार्ड में संपर्क तार बदलने के कार्य के चलते रेलवे तीन दिन अलग-अलग तिथियों में तीन-तीन घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लेगा। इसका असर गाजियाबाद-महरौली अप-डाउन और गाजियाबाद-सीवाईजेड लाइन पर पड़ेगा। ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। कई ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
रेलवे ने पहले 14 से 19 सितंबर तक अलग-अलग तिथियों में ट्रेनों के प्रभावित होने की जानकारी दी थी। अब इस प्लान में बदलाव करते हुए 16 से 21 सितंबर तक अलग-अलग दिनों में ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के अनुसार बरेली-दिल्ली जंक्शन ट्रेन संख्या 54075 को 16, 18 और 20 सितंबर को रद्द रखा जाएगा। वहीं दिल्ली जंक्शन-सतरौद ट्रेन संख्या 54085 और सतरौद-दिल्ली जंक्शन ट्रेन संख्या 54086 का संचालन 17, 19 और 21 सितंबर को नहीं होगा।
इसके अलावा दिल्ली जंक्शन-बरेली ट्रेन संख्या 54076 भी 17, 19 और 21 सितंबर को रद्द रहेगी।
कुछ ट्रेनों का बदला जाएगा रूट
हावड़ा जंक्शन-आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन संख्या 13065 का 17 सितंबर का संचालन प्रभावित रहेगा। ट्रेन को मुरादाबाद से हापुड़-पिलखुआ होते हुए गाजियाबाद लाने के बजाय मुरादाबाद-लक्सर जंक्शन-रुड़की-टपरी-मेरठ सिटी-गाजियाबाद के रास्ते चलाया जाएगा। इसके चलते ट्रेन का गजरौला जंक्शन और हापुड़ स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 04013 एलकेक्यू-आनंद विहार टर्मिनल को 15, 17 और 19 सितंबर को इसी वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा। हालांकि इस ट्रेन का कोई निर्धारित ठहराव नहीं छोड़ा जाएगा।
90 मिनट तक देरी से चलेगी ट्रेन
ब्लॉक के चलते ट्रेन संख्या 15092 टनकपुर-दौराई को 16, 18 और 20 सितंबर को टनकपुर से रात 7:50 बजे रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 90 मिनट देरी से चलेगी।
इसके अलावा 15014 काठगोदाम-जैसलमेर को 16, 18 और 20 सितंबर को मुरादाबाद मंडल में करीब 70 मिनट, 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली जंक्शन को 50 मिनट और 12391 राजगीर-नई दिल्ली को करीब 40 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और समय की जानकारी रेलवे से जांच लें।



