हिंदी दिवस पर ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
गीत माला की मनमोहक प्रस्तुति ने मोहा सभी का मन

ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय में 14 सितंबर को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम एवं सम्मान को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षाओं में निबंध लेखन, नारा लेखन, लघुकथा लेखन सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। वहीं विद्यालय के मंच पर कविता पाठ, गीता श्लोक वाचन, वंदे मातरम् गीत, भाषण, लघु नाटिका, ज्ञान-पहेली सहित अनेक मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने हिंदी भाषा के महत्व और उसकी समृद्धि को प्रभावी ढंग से दर्शाया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘गीत माला’ रहा। छात्राओं ने विभिन्न हिंदी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर यह दर्शाया कि हिंदी भाषा ने भारतीय सिनेमा में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। साथ ही, देश की सीमाओं से परे विदेशों में भी हिंदी भाषा को लोकप्रियता एवं विशिष्ट स्थान प्राप्त हुआ है। ‘गीत माला’ की सुंदर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को हिंदी के सम्मान, संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया।
समूचा आयोजन अत्यंत सुंदर, रोचक एवं ज्ञानवर्धक रहा। हिंदी दिवस का यह कार्यक्रम हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति एवं अपनी समृद्ध भाषाई विरासत के प्रति सम्मान और गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्या बीनू गर्ग, पूजा श्रीवास्तव, दीपिका अग्रवाल, रीना अग्रवाल सहित विद्यालय की सभी सम्मानित अध्यापिकाएँ उपस्थित रहीं।


