हिंदी दिवस पर सजी शब्दों की महफिल

गणेश चतुर्थी पर गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे

भरथना,इटावा। जयोत्री अकादमी में हिंदी दिवस और गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य योगेंद्र नाथ मिश्रा ने गणेश प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर और अखंड दीप प्रज्ज्वलित कर गणपति पूजन से की। उन्होंने कहा कि संस्कृति और भाषा हमारी पहचान हैं। गणेश चतुर्थी शुभारंभ और सकारात्मकता का संदेश देती है,जबकि हिंदी हमें अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ती है।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर नन्हे बच्चे पीतांबर धारण कर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते नजर आए। वहीं हिंदी दिवस के तहत कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर्सदनीय हिंदी कथा वाचन प्रतियोगिता हुई। इसमें गांधी हाउस ने पहला स्थान हासिल किया। कक्षा चार की अंशी ने ‘जादुई पेंसिल’ और कक्षा पांच की हर्षिता ने ‘किसान की मेहनत’ कहानी सुनाकर सदन को विजेता बनाया। आजाद हाउस दूसरे और बोस हाउस तीसरे स्थान पर रहा। कक्षा छह से आठ तक आयोजित काव्य अनुवाचन प्रतियोगिता में अनिका और अर्तिका के प्रभावी काव्यपाठ की बदौलत बोस हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गांधी हाउस दूसरे और आजाद हाउस तीसरे स्थान पर रहा।

सीनियर वर्ग की वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बोस हाउस की कक्षा 11 की कशिश और आरुषि ने गांधी हाउस की कक्षा 10 की अंशिका और कक्षा 12 की आर्या को महज आधे अंक से पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया। पटेल हाउस तीसरे स्थान पर रहा। समापन अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. नितिन पोरवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं,बल्कि संस्कृति,संवेदना और पहचान की अभिव्यक्ति है। प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने का अवसर देती हैं।

सीनियर कॉर्डिनेटर निशी पाण्डेय की देखरेख में हुए कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12 की आर्या और कक्षा 11 के ओम यादव ने संयुक्त रूप से किया। अंकित और आशीष दीक्षित ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रगति यादव,यूसुफ सहित विद्यालय के स्टाफ का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button