ऑनलाइन सिस्टम में झोल या दलालों का खेल?

सुजीत कुमार मऊ। परिवहन विभाग में कथित भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और दलालों के प्रभाव के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने आरटीओ ऑफिस का घेराव किया और उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच व पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।

वाहन पर अतिरिक्त ब्याज वसूलने का आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आप के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह ने एक विशिष्ट मामले को उजागर करते हुए बताया कि एक वाहन मालिक द्वारा 2,302 रुपये की कर राशि जमा करने के बावजूद सिस्टम में 30,402 रुपये की देय राशि दर्ज दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि का अचानक बढ़ जाना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। यदि यह बढ़ोतरी नियमानुसार की गई है, तो आम जनता को इसका स्पष्ट और नियमवार तरीके से हिसाब मिलना चाहिए।

विक्रम जीत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक गाड़ी का मामला नहीं है, बल्कि इसे एक उदाहरण बनाकर पूरे परिवहन तंत्र में फैली अनियमितताओं को उजागर करने की कोशिश की जा रही है। हमारी मांग है कि विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की जांच की जाए और पूरी व्यवस्था को पूरी तरह से पारदर्शी बनाया जाए।

दलालों की सक्रियता पर लगे लगाम

आप नेताओं ने ऑनलाइन प्रणाली की कमियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी आम आदमी को अपने छोटे-छोटे काम करवाने के लिए दलालों का सहारा लेना पड़ता है। व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि हर वाहन मालिक को टैक्स, पेनाल्टी और विलंब शुल्क की पूरी जानकारी पोर्टल पर सीधे उपलब्ध हो, ताकि अवैध वसूली की कोई गुंजाइश ही न रहे।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालय में अधिकारियों, कर्मचारियों और दलालों की मिलीभगत की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। यहां तक कि सेवानिवृत्त हो चुके कुछ पूर्व कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, जिसकी निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच होनी चाहिए।

विक्रम जीत सिंह ने कहा, “हम बिना जांच के किसी को दोषी नहीं ठहरा रहे हैं, लेकिन यदि जांच में धांधली या मिलीभगत साबित होती है, तो दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिवहन विभाग ने जल्द सुधार के कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी जनता के हित में उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से अवधेश मौर्य, अरमान खान, दीपु सिंह, हेमंत सिंह और संजय राजभर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button