बहादुर नगर समिति का विधायक अदिति सिंह व विवेक विक्रम सिंह ने फीता काट कर किया उद्घाटन

महराजगंज, रायबरेली। विकास खंड अमांवा के अंतर्गत नवगठित बी-पैक्स सहकारी समिति बहादुर नगर का उद्घाटन शनिवार को मुख्य अतिथि सदर विधायक अदिति सिंह और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने फीता काटकर किया।कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों का ग्राम प्रधान प्रशासकों ने 51 किलो की फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि बी-पैक्स सहकारी समिति का सुदृढ़ीकरण गांव, किसान और सहकारिता को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने कहा कि इस समिति के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को गांव में ही गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, धान-गेहूं के बीज सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सहकारिता बृजेश विश्वकर्मा ने कहा कि सहकारिता विभाग के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर किसानों तक पहुंचाया जाएगा और भविष्य में किसानों की उपज के संग्रहण, विपणन व उचित मूल्य दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन एडीओ सहकारिता अमांवा राजन कुमार सिंह ने किया।इस अवसर पर सहायक आयुक्त सहकारिता विवेक कुमार सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष ऋषि सिंह, समिति अध्यक्ष संतोष सिंह, प्रधान प्रशासक अमरनाथ द्विवेदी, दिनेश सिंह,कमल सिंह चौहान, राजू, रामकिशोर यादव, गयाप्रसाद यादव, रमेश सिंह, शिवबक्स सिंह, सचिव सौरभ यादव, विवेक तिवारी, नीतू सिंह, पंचायत सचिव महेंद्र सिंह, ग्रामीण चंद्र लोचन सिंह, चंद्र चूड़ सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



