दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में बड़ा बदलाव, ये खिलाड़ी OUT-ये IN

Australia vs South Africa Test Series 2026: दक्षिण अफ्रीका के आगामी टेस्ट दौरे के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी 16 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। 2018 के बहुचर्चित और विवादित दौरे के बाद यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। चयनकर्ताओं ने हालिया मैचों में बेहद निराशाजनक फॉर्म से जूझ रहे स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन पर भरोसा कायम रखा है। तीन मैचों की यह टेस्ट श्रृंखला 9 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है।
खराब फॉर्म के बावजूद लाबुशेन पर दांव, वनडे से हो चुके हैं बाहर
बांग्लादेश के खिलाफ पिछली दो टेस्ट मैचों की सीरीज में लाबुशेन का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा था, जहां उन्होंने तीन पारियों में महज 1, 31 और 4 रन बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में उनका आखिरी शतक तीन साल पहले मैनचेस्टर में आया था। सीमित ओवरों की टीम से बाहर किए जाने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि टेस्ट प्रारूप में भी उनकी जगह खतरे में पड़ सकती है, लेकिन चयन समिति ने उनके अनुभव को तरजीह देते हुए स्क्वॉड में बरकरार रखा है।
युवा कोनोली को मौका, नेसर और कुह्नेमैन की वापसी
दौरे के लिए युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली को भी टीम में शामिल किया गया है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले कोनोली के पास केवल एक टेस्ट मैच का अनुभव है। स्पिन विभाग में नाथन लियोन के सहयोगी के तौर पर बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुह्नेमैन को जोड़ा गया है। वहीं चोट से उबर चुके तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर माइकल नेसर की वापसी हुई है। 2025-26 एशेज में 15 विकेट चटकाने वाले नेसर का जन्म दक्षिण अफ्रीका में ही हुआ था, ऐसे में उनकी स्विंग और ऑलराउंड क्षमता टीम के लिए अहम मानी जा रही है।
ट्रेविस हेड के साथ मैथ्यू रेनशॉ करेंगे पारी की शुरुआत
डार्विन टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार के बाद जेक वेदराल्ड की जगह टीम में शामिल किए गए मैथ्यू रेनशॉ पर चयनकर्ताओं ने भरोसा बनाए रखा है। घरेलू शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में 10 पारियों में तीन शतक जड़ने वाले रेनशॉ मैके टेस्ट में मात्र आठ रन बनाकर आउट हो गए थे, इसके बावजूद उन्हें ट्रेविस हेड के नियमित सलामी जोड़ीदार के रूप में चुना गया है।
क्या वैभव सूर्यवंशी फ़ाइनल खेलेंगे; फ़ैसला गौतम गंभीर पर निर्भर, जानिए क्यों
मुकाबलों का पूरा शेड्यूल और वेन्यू
श्रृंखला का पहला टेस्ट 9 अक्टूबर से डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 18 अक्टूबर से गकेबरहा स्थित सेंट जॉर्ज पार्क में दूसरे मुकाबले के लिए आमने-सामने होंगी। सीरीज का तीसरा और निर्णायक टेस्ट मुकाबला 27 अक्टूबर से केपटाउन के ऐतिहासिक न्यूलैंड्स स्टेडियम में आयोजित होगा।



