लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी : श्यामलाल पाल
ऊँचाहार में भाजपा सरकार पर सपा प्रदेश अध्यक्ष का निशाना, बोले महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान

ऊँचाहार, रायबरेली। उक्त बातें समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने ऊँचाहार विधानसभा में एक कार्यक्रम के दौरान युवा सपा नेता अखिलेश यादव के धोबहा जगतपुर स्थित आवास पर पत्रकार वार्ता में कही हैं। इस दौरान उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी दिलाई है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई को जारी रखेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी से परेशान है।
आवारा जानवरों ने किसानों का जीना दुश्वार हो गया है। किसानों के आलू का रेट रसातल में चला गया है सरकार फसलों का वाजिब दाम नहीं देना चाह रही है। आज मुझे ऊंचाहार विधानसभा के लोगों ने बताया कि यहां पर बिजली की बहुत समस्या है बिजली सही से पूरी विधानसभा में नहीं आ रही है, लोग परेशान हो रहे हैं। हम सब के नेता माननीय अखिलेश यादव जी के मुख्यमंत्रित्व काल में ऊंचाहार में कई विद्युत उपकेंद्र बनाए गए हैं जिससे अच्छी बिजली मिल रही थी लेकिन इस भ्रष्टाचारी सरकार ने 10 साल में ऊंचाहार में बिजली का एक भी उपेंद्र नहीं लगाया।
उन्होंने कहा कि इस बार ऊंचाहार की जनता इतिहास बनाने जा रही है और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनने जा रही है ऊंचाहार के लोगों की हर मूलभूत समस्याओं का समाधान समाजवादी पार्टी की सरकार में कराया जाएगा। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष इंजी वीरेन्द्र यादव, प्रदेश सचिव ओमप्रकाश मिश्रा, विधानसभा अध्यक्ष जगदेव यादव, जगतपुर ब्लाक अध्यक्ष मो हसनैन, सुरेश पासी, राजेन्द्र यादव, राम जियावन यादव, शिवेन्द्र यादव, आचार सुंदरलाल यादव, धर्मेंद्र पाल, रावेंद्र लोधी, प्रदीप अग्रहरी, सूर्य प्रताप सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



