नवागत एसपी विनीत जायसवाल ने पत्रकारों से की परिचयात्मक मुलाकात

सुल्तानपुर। नवागत पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने 22 अगस्त को जिले की पुलिस कमान संभालने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से पहली औपचारिक मुलाकात की।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं पत्रकार बंधुओं के बीच जनपद की कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग व्यवस्था तथा आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर और सकारात्मक चर्चा हुई। पत्रकारों ने जनहित से संबंधित मुद्दों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा, वहीं पुलिस अधीक्षक ने बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक समन्वय पर जोर दिया।
एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर संवाद से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने तथा उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक सहयोग मिल सकता है। उन्होंने पत्रकारों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए जनहित और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक जानकारी के आदान-प्रदान को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने नवागत पुलिस अधीक्षक को शुभकामनाएं देते हुए जिले में बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई।



