ओवरब्रिज पर दो ट्रकों की भिड़ंत: चालक हुए घायल
पीछे आ रहे ट्रक ने आगे वाले ट्रक में मारी टक्कर,दोनों घायल सैफई रेफर

जसवंतनगर, इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जमुनाबाग ओवरब्रिज के ऊपर गुरुवार रात दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि दोनों ट्रक आगरा से इटावा की ओर जा रहे थे। आगे चल रहे ट्रक को विश्वनाथ पुत्र गजेंद्र सिंह निवासी ग्राम तुलसीपुर,थाना फतेहाबाद,जिला आगरा चला रहे थे,जबकि पीछे चल रहे ट्रक का चालक अरमान पुत्र संजय निवासी धौलपुर, राजस्थान था। जमुनाबाग ओवरब्रिज पर पीछे से आ रहे ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भिजवाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हादसे के बाद ओवरब्रिज पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा कराकर यातायात को सुचारू कराया।



