गृहक्लेश से तंग युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़ा
जेई ने समझाया,तब सकुशल नीचे उतरा युवक

जसवंतनगर,इटावा। नवीन गल्ला मंडी के मुख्य द्वार के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गृहक्लेश से नाराज एक युवक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के नीचे लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बैठ गया। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के जेई कौशल पांडे ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सकुशल नीचे उतार लिया।
मोहल्ला न्यू गुलाबबाड़ी निवासी 30 वर्षीय शीलू पुत्र हरमुख यादव किसी बात को लेकर परिजनों से नाराज था। बताया गया कि गृहक्लेश के चलते वह नवीन गल्ला मंडी के मुख्य द्वार के पास पहुंचा और वहां ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बैठ गया। युवक को ऊंचाई पर बैठा देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना बिजली विभाग के जेई कौशल पांडे को दी गई। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। युवक पहले नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। परिजनों ने भी उसे काफी समझाया,लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था।
इसके बाद जेई कौशल पांडे ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे शांत कराया और समझाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक उनकी बात मान गया और सकुशल ट्रांसफार्मर से नीचे उतर आया। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। युवक अविवाहित बताया गया है।



