ज़हरीले जीव के काटने से दो भैंसों की मौत

महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे रिसाल मजरे कुशमहुरा गांव में सोमवार की देर शाम किसान राजेन्द्र कुमार की दो पालतू भैंसों को किसी ज़हरीले जीव ने काट लिया। किसान ने आनन-फानन पशु चिकित्सक को बुलाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों भैंसों की देर रात मौत हो गई। जिससे किसान को करीब 2 लाख रुपए के नुक़सान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे रिसाल मजरे कुसमहुरा गांव निवासी किसान राजेन्द्र कुमार ने बताया कि घर के पास बने टीन शेड में उनके मवेशी बंधे हुए थे। सोमवार की शाम हमेशा की तरह सभी पशुओं को चारा दिया गया था। शाम लगभग 5 बजे अचानक दोनों भैंसें अचेत होकर गिर पड़ीं।

आनन-फानन में किसान ने पशु चिकित्सक को बुलाकर उनका इलाज शुरू कराया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। देर रात दोनों भैंसों ने दम तोड़ दिया।मामले की जानकारी पर हल्का लेखपाल अल्ताफ हुसैन मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शासन से उचित आर्थिक मुआवजा दिलाये जाने की बात कही है। वहीँ पशु-चिकित्सक डॉ. उमेश चन्द्र ने बताया कि मृतक दोनों भैंसों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button