मऊ में आगे बढ़ी Gen Z कनेक्ट यात्रा, कॉलेजों में छात्रों से किया संवाद

घोसी (मऊ)। जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा मंगलवार को अपने तेरहवें दिन मऊ जिले के मधुबन क्षेत्र से आगे बढ़ी। यात्रा दुबारी और गाजियापुर क्षेत्र के विभिन्न इंटर कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों में पहुंची, जहां यात्रा में शामिल लोगों ने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। यात्रा में शामिल लोगों ने छात्रों को जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा के उद्देश्य और 10 सूत्रीय मांगों से संबंधित पर्चे भी वितरित किए।

छात्रों ने बातचीत के दौरान शिक्षा व्यवस्था और रोजगार से जुड़ी अपनी परेशानियां सामने रखीं। कई छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों और भविष्य को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। इस पर यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि प्रदेश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर परेशान है और उसकी समस्याओं को गंभीरता से उठाने की जरूरत है।

यात्रियों का कहना था कि जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं की आवाज को एक मंच पर लाना और शिक्षा, रोजगार सहित अन्य मुद्दों को लेकर व्यापक जनजागरूकता पैदा करना है। इसके बाद यात्रा सिपाह बाजार और चौथी मिल क्षेत्र में पहुंची, जहां नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया।

नुक्कड़ सभाओं में स्थानीय युवाओं और आम नागरिकों से बातचीत की गई। इस दौरान सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चर्चा हुई। यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाले कुछ जर्जर सरकारी स्कूलों और बदहाल स्वास्थ्य केंद्रों का भी जायजा लिया गया।

यात्रा में शामिल लोगों ने इन संस्थानों की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार जरूरी है। Gen Z कनेक्ट यात्रा की ओर से चिन्हित स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को 2 अक्टूबर तक दुरुस्त करने की मांग की गई है। यात्रियों ने कहा कि यदि तय समय तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मऊ में बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। यात्रा के आगे के चरणों में भी युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई।

Related Articles

Back to top button