इस्कॉन गाजियाबाद में 4 सितंबर को भव्य कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

गाजियाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजनगर स्थित इस्कॉन गाजियाबाद में 4 सितंबर 2026 को भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार, फूल बंगला, आकर्षक पुष्प सज्जा, धार्मिक झांकियां, संकीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेंगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मंदिर परिसर और आसपास प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी। स्वयंसेवक सुबह 4 बजे से रात 1 बजे तक श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था संभालेंगे।
इसके अलावा सुरक्षा गार्ड, शुद्ध पेयजल, दिशा-निर्देश बोर्ड और नियमित उद्घोषणा की व्यवस्था भी की जाएगी। शाम के समय श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद वितरण किया जाएगा, ताकि किसी को असुविधा न हो।
इस्कॉन गाजियाबाद प्रशासन की ओर से पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवकों के सहयोग से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में जोनल सुपरवाइजर सुंदर गोपाल दास, मंदिर अध्यक्ष आदिकर्ता दास, मंदिर उपाध्यक्ष धनंजय जगन्नाथ दास, मंदिर प्रबंधक सुरेश्वर दास, उपाध्यक्ष नगर निगम कार्यकारिणी प्रवीण चौधरी और सौरभ जयसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



