जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण
सुरक्षा, सीसीटीवी, साफ-सफाई और रखरखाव व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई एवं रखरखाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखी जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का नियमित रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम एल/ए सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं सुरक्षा को बनाए रखने पर जोर दिया गया।



