झाड़ियों से ढका अंधा मोड़ बना हादसे का सबब

ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दंपती को मारा कट:घायल

जसवंतनगर,इटावा। बलरई से जसवंतनगर आने वाले सड़क मार्ग पर झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर सड़क के मोड़ दिखाई नहीं दे रहे हैं। रविवार को इसी तरह के एक अंधे मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के मोहल्ला नारायणपुर निवासी 22 वर्षीय शिवम राजपूत पुत्र लज्जाराम राजपूत अपनी 21 वर्षीय पत्नी रीता देवी के साथ बलरई थाना क्षेत्र के गांव नगला विशुन स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। बताया गया कि जैसे ही दंपती निजामपुर गांव के समीप बंबा किनारे बने सड़क मार्ग पर पहुंचे, वहां मोड़ पर उगी घनी झाड़ियों के कारण सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार के ट्रैक्टर-ट्रॉली से कट मार दी टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना एंबुलेंस को दी, जिसके बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

सीएचसी में चिकित्सक डॉ. विकास अग्निहोत्री ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बलरई-जसवंतनगर मार्ग पर बंबा किनारे कई स्थानों पर झाड़ियां सड़क तक फैल गई हैं, जिससे मोड़ पूरी तरह अंधे हो गए हैं। लोगों ने सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराकर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button