निरीक्षण में साफ-सफाई और अभिलेखों का रखरखाव मिला बेहतर, डीआईओ के कुशल नेतृत्व की हुई सराहना

गाजियाबाद। मंडलायुक्त, मेरठ मंडल के निर्देश के क्रम में मंडलीय निरीक्षक राजकीय कार्यालय मेरठ मंडल, मेरठ कुलदीप भारद्वाज ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, गाजियाबाद कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव और कर्मचारियों के कार्य व्यवहार का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान मंडलीय निरीक्षक ने पाया कि जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह का अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर पर्याप्त नियंत्रण एवं कुशल नेतृत्व है। कार्यालय में आने वाली आम जनता और पत्रकारों के साथ जिला सूचना अधिकारी एवं कर्मचारियों का व्यवहार भी संतोषजनक पाया गया।

निरीक्षण में कार्यालय में साफ-सफाई, स्वच्छता और सुंदरता की व्यवस्था बेहतर मिली। साथ ही कार्यालय के अभिलेखों और आवश्यक दस्तावेजों का रखरखाव भी उचित ढंग से किया जा रहा था।

हालांकि निरीक्षण के दौरान कार्यालय में स्टाफ की कमी प्रमुख रूप से सामने आई। इस संबंध में मंडलायुक्त, मेरठ मंडल तथा संबंधित प्रशासनिक सुधार विभाग, लखनऊ को पत्र भेजे जाने की बात कही गई, ताकि कार्यालय में आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण के दौरान मो. इदरीस, उर्दू अनुवादक को कार्यालय की पंजिकाओं एवं अन्य शासकीय अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यावधिक रखने के निर्देश एवं सुझाव दिए गए।

इस अवसर पर राकेश कुमार, रवि कुमार सहित मीडिया से जुड़े प्रतिनिधि भी कार्यालय में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button