गाजियाबाद में स्ट्रीट लाइट को लेकर महापौर का बड़ा आदेश, अब एक भी लाइट बंद मिली तो होगी कार्रवाई

गाजियाबाद। शहर में विकास कार्यों को गति देने के साथ नगर निगम अब प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में जुट गया है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के नेतृत्व में शहर में डेकोरेटिव पोल, फुटपाथ, क्रॉसिंग, पेंटिंग, सड़क और नालों समेत विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए महापौर ने प्रकाश विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापौर सुनीता दयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण शहर में कहीं भी स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायत आती है तो उसका तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में एक भी लाइट बंद नहीं मिलनी चाहिए। जिन स्थानों पर नई लाइट लगाने की आवश्यकता है, वहां भी प्राथमिकता के आधार पर नई लाइट लगाई जाए।

महापौर ने कहा कि आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण त्योहार हैं। ऐसे में प्रकाश व्यवस्था को अभी से दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान नगर निगम पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि शहर के किसी भी हिस्से में स्ट्रीट लाइट बंद हो अथवा नई लाइट लगाने की आवश्यकता हो तो इसकी सूचना नगर निगम को दी जाए। संबंधित स्थल पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

महापौर ने सभी पार्षदों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्षदों द्वारा बताई गई शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।

नगर निगम की ओर से आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निरीक्षण करने और शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button