बदलते मौसम के साथ वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ा, अस्पतालों की ओपीडी में उमड़ी भीड़

जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में पहुंच रहे बुखार के मरीज, डेंगू-मलेरिया और टाइफाइड की हो रही जांच

गाजियाबाद। बदलते मौसम और बारिश के बाद जिले में वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है। गाजियाबाद जिला अस्पताल समेत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में बुखार, सिरदर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक वायरल की चपेट में आ रहे हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, कई मरीजों में बुखार ठीक होने के बाद भी जोड़ों और शरीर में दर्द की शिकायत बनी हुई है। कुछ मरीजों को करीब 10 दिन तक जोड़ों में दर्द की समस्या रह रही है। ऐसे लक्षणों को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा मरीजों की डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की जांच भी कराई जा रही है।

सरकारी अस्पतालों में हालत यह है कि प्रतिदिन 15 से अधिक बुखार के मरीजों को भर्ती करने की जरूरत पड़ रही है। भर्ती मरीजों में से करीब 50 प्रतिशत मरीज ही जल्द स्वस्थ हो पा रहे हैं, जबकि अन्य मरीजों को उपचार और निगरानी की आवश्यकता पड़ रही है।

सीएचसी में तैनात फिजिशियन ने बताया कि वायरल बुखार बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को अपनी चपेट में ले रहा है। करीब 120 बुखार के मरीज उपचार के लिए ओपीडी में पहुंचे। उन्होंने लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी।

Related Articles

Back to top button