बांग्लादेश में हिंदू परिवार के साथ क्या हुआ; घर के अंदर मिले 4 शव, लूटपाट का शक

Bangladesh Hindu Family Death Rangpur: पड़ोसी देश बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गहरी चिंता का माहौल बन गया है। रंगपुर महानगर के कमलकाशना मछुआपारा इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों के शव रहस्यमयी परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जान गंवाने वालों में रंगपुर जिला स्कूल के पूर्व शिक्षक 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीति लता चक्रवर्ती उनकी 23 वर्षीय उच्च शिक्षित बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थि और महज 12 साल का मासूम बेटा प्रियम चक्रवर्ती शामिल हैं।
दो दिनों से बंद था घर और गुरुवार से बंद आ रहे थे मोबाइल
यह दिल दहला देने वाला मामला तब उजागर हुआ जब पिछले दो दिनों से गणपति चक्रवर्ती के नए बने मकान का मुख्य द्वार लगातार भीतर से बंद पाया गया। परिजनों ने जब कई बार फोन पर संपर्क साधने की कोशिश की तो परिवार के सभी सदस्यों के चारों मोबाइल फोन गुरुवार रात से ही लगातार स्विच ऑफ मिले। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए संबंधियों ने शनिवार देर रात स्थानीय लोगों और दमकल विभाग को सतर्क किया। इसके बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया जहां घर के विभिन्न हिस्सों और छत के समीप से चारों सदस्यों के शव बरामद किए गए।
अलमारी खुली और सामान बिखरा: लूट के बाद सुनियोजित कत्ल का अंदेशा
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों और स्थानीय निवासियों ने इसे लूटपाट के इरादे से की गई सामूहिक हत्या करार दिया है। मकान के कमरों में घरेलू सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था और अलमारी के भीतर रखे आभूषणों के बक्से भी खुले मिले। गणपति चक्रवर्ती की चचेरी बहन मालती चक्रवर्ती और साली पूजा चक्रवर्ती का कहना है कि गणपति बेहद सरल और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे जिनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी। परिजनों का सीधा आरोप है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से घर में घुसकर पूरे परिवार को निशाना बनाया है और उन्होंने प्रशासन से इस नृशंस वारदात में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस और डिटेक्टिव ब्रांच ने संभाला मोर्चा
वारदात की गंभीरता को देखते हुए रंगपुर मेट्रोपॉलिटन डिटेक्टिव ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर सनातन चक्रवर्ती कोतवाली थाना प्रभारी और आर्म्ड पुलिस बटालियन की विशेष टीमों ने घटनास्थल की नाकेबंदी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट होगी।
अमेरिका ने लगाया 50 प्रतिशत टैरिफ, कनाडा बोला- अब जवाब भी उसी अंदाज में मिलेगा
एक हंसते-खेलते शिक्षित परिवार का दर्दनाक अंत
गणपति चक्रवर्ती पिछले वर्ष 31 दिसंबर को ही स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे और इसके बाद वे इलाके में बतौर होम्योपैथिक चिकित्सक सेवाएं दे रहे थे। उनकी बेटी आगामी ने हाल ही में अंग्रेजी विषय में मास्टर डिग्री पूरी की थी जबकि 12 वर्षीय बेटा प्रियम पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। एक प्रतिष्ठित और शिक्षित परिवार का इस तरह अचानक समाप्त हो जाना स्थानीय समाज और बांग्लादेश में रह रहे अल्पसंख्यक वर्ग के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।



