रंजिश में भिड़े दो पक्ष: फायरिंग में युवक घायल
कंजड़ कॉलोनी में दुकान को लेकर विवाद, मारपीट के बाद आठ राउंड फायरिंग का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कंजड़ कॉलोनी में शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दुकान को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने के बाद तमंचों से फायरिंग शुरू हो गई। करीब आठ राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। गोली लगने से शिवम उर्फ शेखू पुत्र राजेश कुमार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया गया कि कंजड़ कॉलोनी निवासी दीपक उर्फ कालू और उसके चचेरे भाई अकेला उर्फ अरविंद,व मोहल्ले के सुमित उर्फ लाखा, अभिषेक उर्फ बंजारा के बीच मोहल्ले में स्थित एक दुकान को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों ओर से तमंचे निकालकर फायरिंग किए जाने का आरोप है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही फारिंग में शामिल लोग मौके से भागने लगे। इसी दौरान हुई फायरिंग में शिवम उर्फ शेखू की बांह में गोली लग गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद मोहल्ले में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस फायरिंग और मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।



