किसानों को बांटे 5 करोड़ के केसीसी ऋण

बैंक ने समय से ऋण चुकाने की अपील

जसवंतनगर,इटावा। विकासखंड सभागार में सोमवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से एग्रीकल्चर क्रेडिट आउट रीच कैंप का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बैंक के उप महाप्रबंधक जय शंकर प्रसाद ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान किसानों को करीब पांच करोड़ रुपये के केसीसी ऋण तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 80 लाख रुपये के ऋण की चेक वितरित की गईं।

मुख्य अतिथि जय शंकर प्रसाद ने कहा कि बैंक सरकार की योजनाओं के तहत ऋण देने के साथ लोगों को उचित सलाह भी देती है। किसान और अन्य लाभार्थी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार का विकास करें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि सेंट्रल बैंक देश की पहली स्वदेशी बैंकों में शामिल है और कृषि प्रधान क्षेत्र में कृषि को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से एमएसएमई, पीएम विश्वकर्मा योजना, कोल्ड स्टोरेज,स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न योजनाओं के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। पारंपरिक और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए भी बैंक सहयोग कर रही है। उन्होंने ग्राहकों से बैंक से लेनदेन पारदर्शी रखने और ऋण की किस्तें समय से चुकाने की अपील की। साथ ही ई-केवाईसी समय-समय पर कराने की बात कही।

क्षेत्रीय प्रबंधक बृजभान सिंह भदौरिया ने बताया कि इटावा क्षेत्र में सेंट्रल बैंक की ओर से अभी तक करीब 1100 सौ करोड़ रुपये का कृषि ऋण दिया गया है। इसमें कोल्ड स्टोरेज और स्वयं सहायता समूहों को भी बड़ी मात्रा में ऋण उपलब्ध कराया गया है।

इस मौके पर एलडीएम सतीश कुमार, बैंक के सीएम अंकित पांडे, सहायक विकास अधिकारी कृषि बलवीर सिंह, सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास महेश राजपूत आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सेंट्रल बैंक जसवंतनगर शाखा की सहायक प्रबंधक रितिका कोडान ने किया।

Related Articles

Back to top button