ट्रेन से गिरकर किशोर हुआ घायल
घायल किशोर रेल ट्रैक पर पड़ा मिला

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की डाउन लाइन पर राजपुर गांव के समीप शनिवार की रात्री में एक 16 वर्षीय किशोर घायल अवस्था में पड़ा मिला। ऊंचाहार एक्सप्रेस के चालक ने खंभा नंबर 1176/20 के पास ट्रैक पर युवक को पड़ा देखा तो इटावा स्टेशन और कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेल विभाग में हड़कंप मच गया।
कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर बलरई रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ के हेड कांस्टेबल शांति स्वरूप यादव और कांस्टेबल सुदेश बाबू तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों जवानों ने घायल किशोर को ट्रैक से हटाकर 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायल की पहचान आकाश पुत्र क्षेत्रपाल निवासी ग्राम बालामऊ, थाना बालामऊ,जिला हरदोई के रूप में हुई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बताया गया कि आकाश अपने परिजनों के साथ चंडीगढ़ में रहता है और वहां से अपने गांव वापस जा रहा था। इसी दौरान वह किसी ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके के लिए रवाना हो गए। आरपीएफ ने घटना की जांच शुरू कर दी है।



