शादी का झांसा:छह माह अवैध संबंध का आरोप
रिपोर्ट दर्ज के बाद आरोपी गिरफ्तार

जसवंतनगर,इटावा। शादी का झांसा देकर करीब छह माह तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने के आरोप में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़िता ने आरोपी पर कार्रवाई की बात कहने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था।
लुधपुरा निवासी विधवा महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 20 अप्रैल 2025 को उसकी मुलाकात संदीप कुमार यादव पुत्र योगेश कुमार निवासी ग्राम असरोही मानिकपुर, थाना करहल, जिला मैनपुरी से हुई थी। महिला के विधवा होने की जानकारी होने पर आरोपी ने खुद को भी अकेला बताते हुए उससे शादी करने की बात कही। आरोप है कि आरोपी ने शादी के लिए छह माह का समय मांगा और इस दौरान कई बार महिला के घर आकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार छह माह बीतने के बाद जब उसने शादी करने के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोप है कि वह कभी आज-कल कहकर शादी टालता रहा और बाद में चंडीगढ़ व पंजाब घूमने जाने की बात कहने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि शादी से इनकार करने के बाद उसका जीवन और भविष्य बर्बाद हो गया। कार्रवाई की बात कहने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी कचौरा घाट वबाईपास रोड पर स्थित बकरा मंडी के पास मौजूद है। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी संदीप यादव, उम्र करीब 30 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी संदीप यादव को बाईपास रोड स्थित बकरा मंडी के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



