हवा में इंडिगो फ़्लाइट का इंजन फ़ेल! 224 यात्रियों की घबराहट भरी घड़ी; चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

Indigo flight emergency landing: आसमान में उस वक्त खौफनाक स्थिति पैदा हो गई, जब कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo) की एक फ्लाइट का इंजन अचानक हवा में ही काम करना बंद कर दिया। इस बड़ी तकनीकी खराबी का पता चलते ही चेन्नई एयरपोर्ट पर तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ (Full Emergency) लागू कर दी गई। गनीमत यह रही कि पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली गई।
224 यात्रियों की जान पर बन आई
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 11 अगस्त की रात कोलकाता से उड़ान भरकर चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-723) में यह भयावह घटना घटी। इस विमान में कुल 224 यात्री सवार थे। रात 11:29 बजे जब विमान अपनी मंजिल के बेहद करीब था, तभी चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई और सभी रेस्क्यू व सुरक्षा टीमों को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया।
लैंडिंग से ठीक पहले पायलट को मिला अलर्ट
जानकारी के अनुसार, इस फ्लाइट को निर्धारित समय रात 11:30 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंड करना था। जब विमान हवा में था और पायलट लैंडिंग की अंतिम तैयारियां कर रहे थे, तभी उन्हें पता चला कि विमान का बायां इंजन पूरी तरह से बंद हो गया है। बिना कोई देरी किए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा और खराबी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एटीसी और एयरपोर्ट अधिकारियों ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी जरूरी इमरजेंसी प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए।
असम के बाद अब इस राज्य में बारिश का कहर! 155 लोगों की मौत, 250 से ज़्यादा सड़कें बंद
सुरक्षित रनवे पर उतरा विमान, टला बड़ा हादसा
तमाम चिंताओं के बीच, पायलट ने अपने शानदार अनुभव का परिचय देते हुए रात 11:37 बजे रनवे नंबर 25 पर विमान को सुरक्षित उतार लिया। जैसे ही विमान ने रनवे छुआ, उसमें सवार सभी 224 यात्रियों ने राहत की लंबी सांस ली। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में आने के बाद, रात 11:47 बजे एयरपोर्ट से ‘फुल इमरजेंसी’ हटा ली गई। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इस घटना के बाद हवाई अड्डे का कामकाज दोबारा सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया है।



