तिरंगा बाइक रैली ने नगर में मचाई धूम
भाजपा की तिरंगा बाइक यात्रा में उमड़ा जोश,पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत

जसवंतनगर,इटावा l स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को भाजपा की ओर से नगर में भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच निकली रैली ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार ‘अन्नू’ गुप्ता ने तिरंगा झंडा दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता बाइकों पर तिरंगा लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकले। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। रैली में युवाओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष अजय बिंदु यादव ने किया। मंडल उपाध्यक्ष विवेक गुप्ता ‘मोना’, अभिषेक रामजी शुक्ला और श्रेयष मिश्रा के संयोजन में कार्यकर्ताओं ने रैली को सफल बनाया। नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने रैली पर फूल बरसाकर स्वागत किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और युवाओं को देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित करना है।
रैली में डॉ. राजबहादुर यादव, विवेक गुड्डू शाक्य, बटेश्वरी दयाल प्रजापति समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद
बाइक रैली के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सीओ आयुषी सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कमल भाटी ने संभाली। पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करते हुए रैली को सकुशल संपन्न कराया।



