इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी मुसीबत, मासूम बेटी संग घर से निकली महिला को पुलिस ने किया बरामद

जसवन्तनगर,इटावा। सोशल मीडिया पर अंजान व्यक्ति से हुई दोस्ती एक महिला के लिए भारी पड़ गई। इंस्टाग्राम पर बने संपर्क के बाद बहकावे में आकर महिला अपने करीब दो वर्षीय बच्चे के साथ घर छोड़कर निकल गई,इसी बीच उसके पति के पास पत्नी के अपहरण का दावा करते हुए 20 हजार रुपये की फिरौती मांगने का फोन पहुंच गया। मिशन शक्ति सतर्कता टीम ने महिला और बच्चा को सकुशल बरामद कर लिया।
रविवार को थाना जसवन्तनगर की मिशन शक्ति टीम महिला सुरक्षा चेकिंग के दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे दो वर्षीय बच्चे के साथ घूम रही महिला संदिग्ध अवस्था में मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह मैनपुरी जिले के थाना किशनी क्षेत्र की रहने वाली है और इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात युवक से पहचान होने के बाद उसके कहने पर घर से निकल आई थी।
महिला के मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके पति से संपर्क किया। पति ने बताया कि पत्नी और बच्चे के लापता होने की सूचना पहले ही थाना किशनी में दर्ज कराई जा चुकी है। उसने यह भी बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर महिला के अपहरण की बात कहते हुए उसे छोड़ने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की थी।
मामले को साइबर ठगी की आशंका मानते हुए मिशन शक्ति टीम ने महिला और उसके पति को सोशल मीडिया पर अंजान लोगों के झांसे में न आने की सलाह दी। पुलिस ने बिना सत्यापन किसी भी खाते में रुपये न भेजने और साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाना एवं साइबर सेल से तत्काल संपर्क करने की अपील की।
बाद में महिला और उसके मासूम बच्चे को सकुशल उसकी जेठानी मीरा देवी निवासी यादव नगर, के सुपुर्द कर दिया गया। मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक हेमंत कुमार महिला कांस्टेबल विनीता शिवहरे, प्रिया और शिवानी आदि शामिल रहीं।



