कर समर्पित वीर जवानों को श्रमदान, गोमती मित्रों ने कहा नहीं भूलेगा हिन्दुस्तान

संवाददाता सुल्तानपुर
सुलतानपुर।माँ गोमती को स्वच्छ और अविरल बनाने के संकल्प के साथ गोमती मित्रों का साप्ताहिक श्रमदान रविवार को पूरी ऊर्जा के साथ जारी रहा। इस बार का श्रमदान विशेष रहा,क्योंकि गोमती मित्रों ने श्रमदान के साथ-साथ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों की शहादत को याद किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह ने कहा कि 26 जुलाई का दिन हमारे देश के इतिहास में अदम्य साहस,शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है।हम सभी को अपने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिये।
युवा मण्डल अध्यक्ष अजय वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्र निर्माण और देशभक्ति की भावना पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज हमें अपने स्तर पर समाज और पर्यावरण की रक्षा करके अपनी देशभक्ति साबित करनी होगी। गोमती सेवा भी राष्ट्र सेवा का ही एक रूप है। श्रद्धांजलि के पूर्व गोमती मित्रों ने हमेशा की तरह पूरे परिसर की सूरत बदली।मुख्य तट,धाम परिसर,श्राद्ध स्थल और सीता उपवन में व्यापक साफ- सफाई अभियान चलाया गया।मां गोमती के आंचल को स्वच्छ रखने के लिए लोगों से नदी में गंदगी न फैलाने की अपील भी की गई।
श्रमदान में संरक्षक रतन कसौधन, प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन, प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी,संतकुमार प्रधान,राकेश सिंह दद्दू,राजेश पाठक,मुन्ना सोनी,अजीत शर्मा,अजय वर्मा,आलोक तिवारी,डॅा.कुंवर दिनकर प्रताप सिंह,राजेन्द्र शर्मा,रामू सोनी,श्याम मौर्य,अरुण अग्रहरि,अभय सोनी आदि उपस्थित रहे।



