ब्रह्माणी देवी का लख्खी मेला 27 से शुरू
गुरु पूर्णिमा पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब

जसवन्तनगर,इटावा।बलरई थाना क्षेत्र में यमुना नदी की तलहटी स्थित अति प्राचीन ब्रह्माणी देवी मंदिर पर लगने वाले पांच दिवसीय लख्खी मेले का शुभारंभ 27 जुलाई से होगा। यह धार्मिक मेला 1 अगस्त तक चलेगा। 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा होने के कारण इस बार मेले का महत्व और अधिक बढ़ गया है। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु मां ब्रह्माणी देवी के दरबार में पहुंचकर झंडे चढ़ाकर मनौती मांगेंगे।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके। गुरु पूर्णिमा के दिन सर्वाधिक भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मेले के दौरान हुई पुलिस फायरिंग में कुछ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था की कमान थाना प्रभारी बलरई आलोक कुमार को सौंपी गई है, जबकि जसवंत सिंह को मेला प्रभारी बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में सात उपनिरीक्षक, तीन महिला उपनिरीक्षक,एक गार्द, तीन दर्जन कांस्टेबल, डेढ़ सेक्शन पीएसी,दो दर्जन महिला सिपाही,आधा दर्जन ट्रैफिक पुलिसकर्मी तथा राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे।
मेला क्षेत्र की निगरानी एक दर्जन सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए झंडा चढ़ाने को कतारबद्ध व्यवस्था रहेगी तथा मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों पर तीन बैरियर लगाए जाएंगे। इसके अलावा फायर ब्रिगेड,एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पूरे मेले के दौरान मौके पर मौजूद रहेगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।



