हाईवे पर सांड से टकराने से बाइक सवार की मौत
बहन के घर सिरसागंज जाते समय हाईवे पर हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव फुलरई के सामने गुरुवार रात करीब 10 बजे आवारा सांड से टकराकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी।क्षेत्र के गांव नगला कुआं निवासी आकाश पुत्र दयाशंकर उम्र 24 वर्ष अपनी बहन के घर सिरसागंज जा रहा था। तभी रास्ते में अचानक सांड सामने आ जाने भीषण सड़क दुर्घटना में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर अपनी टीम के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष कमल भाटी ने घायल को सीएचसी जसवंतनगर भेजा। जहां केंद्र अधीक्षक डॉक्टर वीरेंद्र ने परीक्षण के बाद गंभीर घायल आकाश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की शादी दो वर्ष इटावा की निशा से हुई थी मृतक अपने पीछे एक वर्ष का बेटा निशू को छोड़ गया है।
बताया गया है कि मृतक तमिलनाडु में प्राइवेट नौकरी करता था और 5 दिन पूर्व ही अपने घर पत्नी से चल रहे विवाद को सुलझाने आया था। घटना वाले दिन दोपहर में पंच लोगों के बीच सुलह समझौता भी हुआ था। उसके बाद मृतक आकाश में पत्नी को अपने साथ चलने के लिए कहा लेकिन पत्नी निशा अपने पिता के साथ मायके इटावा चली गई।निराश होकर मृतक आकाश गुरुवार शाम को अपनी बहन के यहां सिरसागंज जा रहा था तभी हाईवे पर यह घटना हुई। मृतक की मौत से परिवारी जनों का रो रो कर बुरा हाल है।



