मोटे अनाज की खेती की किसानों को मिली जानकारी

भरथना,इटावा। भरथना विकास खंड कार्यालय में बुधवार को मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मोटे अनाज (श्री अन्न) की खेती, उसके लाभ, उन्नत तकनीकों एवं विपणन की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

क्षेत्र पंचायत प्रशासक विनोद कुमार दोहरे की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अवधेश चतुर्वेदी, खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद, एडीओ कृषि दिलीप कुमार आदि ने किसानों को मोटे अनाज की खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद ने किसानों को आश्वस्त किया कि मिलेट्स के विपणन की व्यवस्था स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के सहयोग से कराई जाएगी, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।

विषय वस्तु विशेषज्ञ शैलेन्द्र यादव, सहायक विकास अधिकारी सुधीर कुमार, तकनीकी सहायक देवेश प्रताप सिंह, करिश्मा एवं उदयवीर ने भी लगाए गए स्टाल पर फसल से जुड़ी जानकारी दी।

गोष्ठी के दौरान जिन किसानों ने पहले मिलेट्स बीज की बुकिंग कराई थी, उन्हें निःशुल्क मिनी किट वितरित की गई। इस मौके पर किसान राजेंद्र, शिवप्रसाद, चंद्रशेखर आदि कई किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button