ऑनलाइन गेम के झांसे में फंसकर युवक से साइबर ठगी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के मोहन की मढ़ैया निवासी एक युवक से ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए 50 हजार 749 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहन की मढ़ैया निवासी संदीप कुमार पुत्र लक्ष्मी नारायण ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आठ जून 2026 को ‘देशी पेय गेम’ नामक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसका ऐप पर पंजीकरण कराया और टेलीग्राम के जरिए संपर्क कर अलग-अलग बैंक खातों व यूपीआई आईडी में कई बार रुपये जमा कराए।
पीड़ित के अनुसार,जब उसने गेम आईडी में जमा रकम निकालने का प्रयास किया तो उसकी धनराशि दूसरी गेम आईडी में ट्रांसफर कर दी गई। इसके बाद उसकी गेम आईडी लॉक कर दी गई और टेलीग्राम पर भी ब्लॉक कर दिया गया। इस तरह उससे कुल 50 हजार 749 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई।
संदीप ने शिकायत के साथ संबंधित वेबसाइट का विवरण,टेलीग्राम चैट,बैंक और यूपीआई लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। उसने वेबसाइट, मोबाइल नंबर,बैंक खातों और यूपीआई आईडी की जांच कर दोषियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



