भूमि अधिग्रहण के विरोध में राजीव राय, बोले- ‘हमारी लाश पर होगा कब्जा’

सुजीत कुमार मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ में आवास विकास परिषद की प्रस्तावित आवासीय योजना के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को घोसी सांसद राजीव राय प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं । सांसद ने कहा कि किसानों की सहमति के बिना उनकी जमीन का अधिग्रहण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

*भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर उठाए सवाल*

सांसद राजीव राय ने आरोप लगाया कि सरकार आवास विकास के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन कम कीमत पर कब्जा कर के व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और अब किसानों की खेती की जमीन भी छीनी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।

*’हमारी लाश पर होगा कब्जा’*

राजीव राय ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जबरदस्ती जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई तो वह उनकी लाश पर ही संभव होगा। उन्होंने कहा कि चाहे मिलिट्री बुला ली जाए, पुलिस बुला ली जाए या फौज, लेकिन किसानों की जमीन जबरन नहीं लेने दी जाएगी।

सांसद ने प्रभावित किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उनके आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के सामने उठाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा तथा संसद में भी प्रमुखता से रखा जाएगा।

*भूख हड़ताल की दी चेतावनी*

राजीव राय ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से भूख हड़ताल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष किया जाएगा और उनकी आवाज को हर मंच तक पहुंचाया जाएगा। बैठक के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि उन पर कम कीमत पर जमीन की रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि पहले कम कीमत पर रजिस्ट्री कराने के लिए कहा जा रहा है और बाद में मुआवजा बढ़ाने का आश्वासन दिया जा रहा है।

बैठक में बड़ी संख्या में प्रभावित किसान मौजूद रहे। सभी किसानों ने प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का विरोध जारी रखने का संकल्प दोहराया। उनका कहना है कि अपनी उपजाऊ जमीन की रक्षा के लिए वे आंदोलन को आगे भी जारी रखेंगे। इस दौरान सांसद राजीव राय ने कहा कि किसान अकेले नहीं हैं। समाजवादी पार्टी तन, मन और धन से उनके साथ खड़ी है और किसानों के अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर आवाज उठाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button