भाई ने भाई की जमीन का करा लिया बैनामा

दृष्टि बाधित भाई की जमीन का तहसील से कैसे हुआ दाखिल खारिज

जसवन्तनगर,इटावा। जसवन्तनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोकावली में जमीन हड़पने के लिए फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आंखों से दृष्टि बाधित दिव्यांग और बिना पढ़े-लिखे एक व्यक्ति के नाम फर्जी आधार कार्ड बनाकर उसके हिस्से की 1/4 जमीन बेच दी गई। पीड़ित ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई और जमीन वापस कराने की मांग की है।

ग्राम कोकावली निवासी रामपाल सिंह पुत्र मोहन सिंह उम्र 35 वर्ष ने प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मौजा कोकावली, तहसील जसवन्तनगर की गाटा संख्या 385 ब रकवा 0.5140 हे., 384 रकवा 0.7000 हे.व 385 क रकवा 0.5350 हे.में वह 1/4 भाग का मालिक है और उस पर काबिज है। पीड़ित रामपाल सिंह ने बताया कि वह आंखों से दृष्टि बाधित और कानों से कम सुनाई देने के कारण दिव्यांग है। इसी कारण उनका आज तक आधार कार्ड भी नहीं बना है। वह अपने बड़े भाई रघुवीर सिंह के साथ चंडीगढ़ में रहता है।

बताते हैं कि तीन-चार दिन पहले जब वह गांव आया तो उसे पता चला कि उसके दूसरे भाई राम सिंह ने उसके नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर 21 जून 2025 को उसके 1/4 हिस्से की पूरी जमीन मुकेश कुमार पुत्र नेम सिंह निवासी ग्राम दुर्गापुरा,मौजा धरवार को बेच दी है। आरोप है कि इस बैनामे में गवाह अमर सिंह पुत्र रामसेवक निवासी कोकावली और दिलीप कुमार पुत्र नेम सिंह निवासी दुर्गापुरा भी शामिल थे।

पीड़ित ने बताया कि उक्त लोगों ने 19 सितंबर 2025 को खतौनी में दाखिल-खारिज भी करा लिया है। जबकि बैनामा पत्र पर उसके फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। राजस्व कर्मियों ने बिना किसी जांच के कैसे दाखिल खारिज कर दिया यह भी एक गंभीर प्रश्न है? रामपाल सिंह ने आरोप लगाया कि राम सिंह ने अपने हिस्से की जमीन पहले ही 14 जून 2018 और 18 अगस्त 2018 को दो बार में श्रीमती कुसमा देवी पत्नी मुन्ना लाल निवासी कोकावली को बेच दी थी। पीड़ित ने बड़े भाई रघुवीर सिंह के साथ तहसील जसवन्तनगर जाकर जब नकल निकलवाई तब पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया। मृतक का फर्जी आधार कार्ड किसने तैयार किया यह भी जांच का गंभीर विषय है।

तहरीर में रामपाल सिंह ने प्रभारी निरीक्षक से मांग की है कि फर्जी बैनामा करने,कराने वाले, गवाहों और अन्य सहयोगियों के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उसकी जमीन वापस कराई जाए। पीड़ित ने 21 जून 2025 के कथित फर्जी बैनामे और इन्तखाब खतौनी की नकल भी तहरीर के साथ संलग्न की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button