मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग हेतु प्रवेश परीक्षा का आयोजन हुआ

सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद सुल्तानपुर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु निःशुल्क प्रवेश परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। प्रवेश परीक्षा में विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 328 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। यूपीएससी 72,एसएससी 68,नीट एवं जेईई 62,पीसीएस (जे) 126 में अभ्यर्थी शामिल हुए ।
परीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा परीक्षा कक्षों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल एवं जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
परीक्षा के सफल आयोजन में डॉ. अवधेश दुबे, डॉ जितेन्द्र यादव, असिस्टेंट प्रो विपिन सिंह एवं डा अम्बरीश सिंह सहित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के समस्त फैकल्टी सदस्यों एवं सहयोगी कार्मिकों ने पूर्ण समर्पण एवं शत-प्रतिशत सहयोग प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ दिनांक 1 जुलाई से किया जाएगा। इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए मोटिवेशनल कोट्स का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को योजना की जानकारी, अध्ययन की रूपरेखा, मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायक सत्रों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु प्रेरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से जनपद के प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को अपने लक्ष्य प्राप्त करने का अवसर मिल सके।



