राष्ट्रीय पल्स पोलियो का प्रशिक्षण सम्पन्न
आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने लिया प्रशिक्षण

जसवंतनगर,इटावा। आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन को लेकर शनिवार को ब्लॉक सभागार,जसवंतनगर में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सतीश कुमार ने की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं,सुपरवाइजरों एवं अन्य संबंधित कर्मियों को अभियान की रूपरेखा, टीकाकरण प्रक्रिया तथा घर-घर सर्वेक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में सुपरवाइजर राधेश्याम,कामिनी,प्रीति एवं नवनीत सिंह ने भी सहभागिता करते हुए अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को ब्लॉक क्षेत्र में कुल 111 पोलियो बूथ संचालित किए जाएंगे, जहां पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। बताया गया कि बूथ दिवस के बाद सोमवार से 71 टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी,जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। अभियान के दौरान एक भी बच्चा छूटने न पाए, इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान फ्रंटलाइन वर्करों की समस्याएं भी सामने आईं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि भीषण गर्मी में आशा, आंगनबाड़ी,सहायिका और संगिनी कार्यकर्ताओं को प्रतिदिन करीब 100 घरों का भ्रमण करना पड़ता है, जबकि इसके बदले उन्हें मात्र 75 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिलता है। कार्यकर्ताओं ने मानदेय में व्यावहारिक बढ़ोतरी की मांग उठाई।स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे रविवार को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।



