निर्जला एकादशी पर क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की अभिनव पहल, दिल्ली-एनसीआर में लागत मूल्य पर उपलब्ध होगा राशन, फल एवं सब्जियां

गाजियाबाद। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित नारायण अन्न सेवा ने निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ किया है। इस योजना के अंतर्गत दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के नागरिकों को दैनिक उपयोग का राशन, ताजे फल तथा सब्जियां लागत मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई के कारण सामान्य एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। इसी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने यह सेवा आरंभ की है। इस पहल का उद्देश्य व्यापारिक लाभ अर्जित करना नहीं, बल्कि कृषकों एवं उपभोक्ताओं के मध्य एक पारदर्शी, न्यायसंगत एवं सेवा-प्रधान व्यवस्था स्थापित करना है।ट्रस्ट के संस्थापक एवं न्यासी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि निर्जला एकादशी सेवा, त्याग, दान और लोकमंगल का संदेश देने वाला पवित्र पर्व है। इसी भावना से प्रेरित होकर इस अभियान की शुरुआत की गई है, जिससे लाखों परिवारों को बढ़ती महंगाई के प्रभाव से राहत प्रदान की जा सके।
उन्होंने कहा कि संस्था का ध्येय केवल आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना नहीं है, बल्कि ऐसा सामाजिक तंत्र विकसित करना है जिसमें कृषक, उपभोक्ता एवं समाज तीनों का समान रूप से हित सुनिश्चित हो। कृषकों को उनकी उपज का उचित प्रतिफल प्राप्त हो तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण राशन, फल एवं सब्जियां बिना किसी अतिरिक्त लाभांश के उपलब्ध कराई जा सकें।इस योजना के अंतर्गत स्थानीय कृषकों से प्रत्यक्ष क्रय को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे बिचौलियों की भूमिका न्यूनतम होगी तथा उपभोक्ताओं को ताजा एवं गुणवत्तायुक्त उत्पाद उचित मूल्य पर प्राप्त होंगे। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में भी यह पहल सहायक सिद्ध होगी।
योजना की प्रमुख विशेषताएं
दैनिक आवश्यकता का राशन लागत मूल्य पर उपलब्ध कराया जाएगा।ताजे फल एवं सब्जियां उचित एवं सुलभ दरों पर उपलब्ध होंगी।कृषकों को उनकी उपज का न्यायोचित मूल्य प्राप्त होगा।
अतिरिक्त लाभ अर्जन के स्थान पर सेवा-प्रधान व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा। परिवारों को बढ़ती महंगाई से राहत मिलेगी।स्थानीय कृषि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन प्राप्त होगा।क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट ने नागरिकों, किसान उत्पादक संगठनों, स्वयंसेवकों तथा सामाजिक संस्थाओं से इस लोकहितकारी अभियान में सहभागिता करने का आह्वान किया है। ट्रस्ट का मानना है कि यदि समाज, कृषक एवं उपभोक्ता सामूहिक रूप से इस प्रयास से जुड़ते हैं, तो महंगाई के दुष्प्रभाव को कम करने तथा अधिक न्यायपूर्ण आर्थिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।
नर सेवा ही नारायण सेवा” के संकल्प के साथ ट्रस्ट ने अपना संदेश दिया है परिवार की बचत | किसान का सम्मान | समाज का कल्याण”



