दस्तावेज लेखकों का धरना जारी: ठप रहीं रजिस्ट्रियां

नई व्यवस्था के विरोध में उपनिबंधक कार्यालय पर दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर की मॉडल तहसील स्थित उपनिबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार पर दस्तावेज लेखक एवं स्टांप विक्रेताओं का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना प्रदर्शन के चलते पूरे दिन उप निबंधन कार्यालय में कोई भी बैनामा अथवा रजिस्ट्री नहीं हो सकी, जिससे आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

धरने का नेतृत्व दस्तावेज लेखक यूनियन के जिलाध्यक्ष मानसिंह यादव ने किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार की नई व्यवस्था से दस्तावेज लेखन और स्टांप विक्रय कार्य से जुड़े लोगों के समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो सकता है। इसी आशंका को लेकर वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

धरना स्थल पर पहुंचे अधिवक्ता सौमिल सक्सेना सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी आंदोलन को समर्थन दिया और सरकार से संबंधित व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस दौरान यूनियन के तहसील अध्यक्ष अनिल तिवारी,रणवीर सिंह यादव,जयवीर सिंह, सत्येंद्र पाल सिंह,समरेश सिंह एवं अंकित यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button